ड्यूटी पर न पहुंचने पर बुलाने पहुंचा स्टाफ, तो हुई आत्महत्या करने की जानकारी
2012 में भर्ती लव कुमार दो साल से थे जिला कारागार में तैनात
जिला कारागार में तैनात सिपाही लवकुमार (25) ने बुधवार देर रात फांसी लगाकर जान दे दी। ड्यूटी पर न पहुंचने पर जब कर्मचारी उसको बुलाने घर पहुंचे तो फंदे से लटका शव मिला। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वारदात के चलते पुलिस महकमा में हड़कंप मचा रहा।
संभल के जिले के फैजगंज बेहटा गांव निवासी लवकुमार पुत्र दिनेशचंद्र जेल पुलिस में सिपाही पद पर 2012 में भर्ती हुए थे। दो साल से उसकी तैनाती जिला कारागार में थी। यहां वह सरकारी आवास में रहते थे। बुधवार रात को उसकी 12 से चार बजे तक ड्यूटी थी। ड्यूटी पर न पहुंचने पर जेल स्टाफ उसको बुलाने के लिए घर पहुंचा। काफी देर दरवाजा खटखटाने के बाद भी न खुलने पर सूचना पुलिस को दी गई। इस पर यूपी 100 पुलिस और कोतवाल एसके सिंह मौके पर पहुंचे। इसके बाद किसी तरह दरवाजा खोलकर भीतर घुसे। यहां सिपाही लवकुमार का शव आंगन में रस्सी से फंदे पर लटका मिला। सिपाही के अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर जान देने का पता लगते ही जेल अधीक्षक अनूप कुमार, सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी परिवार वालों को दी गई। इसके बाद बृहस्पतिवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर पहुंचे परिवार वाले भी आत्महत्या के पीछे कारणों को स्पष्ट नहीं कर सके है। फिलहाल पुलिस इसकी जांच में जुटी है।
000
जेल पुलिस के सिपाही ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कारणों को लेकर अभी कुछ स्पष्ट नहीं हो सका है। परिवार वाले किसी तरह का आरोप नहीं लगा रहे हैं।
धर्म सिंह मार्छाल, सीओ सिटी