पीड़ित ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
घटना को संदिग्ध मानकर पुलिस ने शुरू की जांच
दुकान बंद कर पैदल घर जा रहे कपड़ा व्यापारी दो सगे भाइयों को दबंगों ने रोककर मारपीट की और साढ़े बारह हजार रुपये भी लूट लिए। एक आरोपी को मौके से पकड़कर पीड़ित ने पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। घटना को संदिग्ध मानकर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कस्बे के निवासी आस मोहम्मद, कास मोहम्मद और रियाज सगे भाई है। उनकी थाना से तीन सौ मीटर की दूरी पर चिश्ती रेडीमेड के नाम से दुकान है। शनिवार को बड़ा भाई आस मोहम्मद एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बीसलपुर गया हुआ था। देर शाम दुकान बंद कर दोनों भाई पैदल घर जाने को निकले। आरोप है कि मार मोड़ के पास दो अज्ञात युवकों ने उनको रोककर मारपीट शुरू कर दी। जिसमें पेट में लात लगने के बाद रियाज घायल हो गया। इस बीच दो बदमाशों ने कास मोहम्मद के पास रखी साढ़े बारह हजार रुपये लूट लिए। आरोपी घटना को अंजाम देकर भाग रहे थे कि एक आरोपी को पीड़ित ने पकड़ लिया। इसकी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची यूपी 100 के हवाले कर दिया। मामले की जानकारी कर यूपी 100 पुलिस पीड़ित व पकड़े गए आरोपी को लेकर थाने आ गई। जहां पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। कार्यवाहक एसओ उदय वीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जिस युवक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया गया, वह नशे की हालत में था। उससे पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।