गांव चिड़ैयादाह निवासी रिक्शा चालक ईद मोहम्मद के बंद मकान का ताला
तोड़कर चोर रिक्शा नगदी समेत 20 साल में बनाई गई गृहस्थी का करीब 50 हजार
का सामान चुरा ले गए। पीड़ित ने घटना की तहरीर सुनगढ़ी पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
गांव चिडै़यादाह निवासी ईद अहमद ने बताया कि वह रिक्शा चलाकर परिवार का पालन पोषण करता था। ढाई माह पूर्व परिवार समेत गुजरात चला गया और पालनपुर धनेरा थावर गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर रहा था। घर पर ताला पड़ा था। बुधवार की सुबह पड़ोसी ने मकान में चोरी होने की सूचना दी। सूचना पर वह गुरुवार की देर शाम घर पहुंचे तो देखा कि मेनगेट व कमरे में पड़े दोनों ताले टूटे थे। अंदर रखा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि चोर घर में खड़ा उसका रिक्शा, पीतल के बर्तन सिलाई मशीन, टीवी, पंखा, कपड़ा समेत करीब 50 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए। रिक्शा चालक ने घटना की तहरीर सुनगढ़ी पुलिस को दी है। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
... अब क्या करूं दहेज को रखा सामान भी ले गए
रिक्शा चालक ईद मोहम्मद ने बताया कि उसके तीन पुत्र व चार पुत्रियां हैं। वह इस साल बड़ी पुत्री का निकाह करना चाहते थे। कई साल से दहेज देने के लिए सामान खरीद कर रखा था। जिसे भी चोर चुरा ले गए। अब वह कैसे इस साल अपनी बिटिया के हाथ पीले कर पाएंगे।