मोहल्ला छत्रपति शिवाजी नगर निवासी लेखराज ने बताया कि उनकी सिलाई की दुकान खुद के मकान में है। सोमवार की रात चोरों ने दुकान के दरवाजें में लगी कुंड़ी उखाड़ दी और अंदर घुस गए। चोर दुकान में रखी एक सिलाई मशीन, सिले और बिना सिले करीब 20 जोड़ी कपड़े चोरी कर ले गए। घटना को अंजाम देने के बाद चोरों ने बाहर से कुंड़ी फंसा दी और भाग निकले। घटना की जानकारी सुबह उन्हें तब हुई, जब वह दुकान पर पहुंचे। ताला खोलते समय कुंड़ी उखड़ी देख उन्हें अनहोनी का आभास हुआ। जब दुकान के अंदर घुसे, तो देखा सिलाई मशीन गायब थी और कपड़े इधर-उधर बिखरे पड़े थे। सूचना पर पहुंचे दरोगा बलवीर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
दुकान स्वामी ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। प्रभारी निरीक्षण बृजेश सिंह ने बताया कि घटना प्रारंभिक जांच में संदिग्ध प्रतीत होती हैं। अभी जांच जारी है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।