महिला की सोने की चेन लूटकर भाग रहे बदमाशों का पीछा करना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। पीछा करने के दौरान नजदीक पहुंचते ही बदमाशों ने उसको तमंचे से गोली मारकर घायल कर दिया और भाग गए। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजकर छानबीन शुरू कर दी है।
क्षेत्र के गांव ठिरिया निवासी रिंकी अपने पति के शिवनाथ के साथ बाइक से ससुराल चिकटिया गांव जा रहे थे। बबूरा गांव के पहुंचते ही पीछ से एक सफेद बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने झपट्टा मारकर महिला की सोने की चेन लूट ली। महिला के शोर मचाने पर आढ़त पर बैठे कस्बे के संजय गुप्ता ने बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। काफी दूर तक पीछा करते हुए युवक ने कस्बे में बैंक ऑफ बड़ौदा के नजदीक पहुंचते ही बदमाशों की बाइक को ओवरटेक कर रोकने की कोशिश की। इस दौरान खुद को पकड़ता देख एक बदमाश ने तमंचा निकालकर युवक पर फायर कर दिया। पहला फायर मिस हो गया, लेकिन दूसरी बार में गोली युवक के पेट में लग गई, जिसमें वह लहूलुहाल होकर सड़क पर गिर पड़ा और बदमाश भाग निकले। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर भीड़ लग गई। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल को सरकारी अस्पताल इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। उधर, चेन लूट की शिकार महिला ने भी थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दे दी। एसओ जितेंद्र यादव ने बताया कि बाइक सवार बदमाशों की तलाश की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।