किसान से साढ़े तीन लाख रुपये की लूट के खुलासा में जुटी पुलिस घंटों
व्यवसायी के प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में बदमाशों को
खोजती रही, लेकिन बाइक सवार बदमाशों के कोई फुटेज नहीं मिले। पुलिस लूट की
घटना में संदेह जता रही है।
शुक्रवार को गांव देवीपुर निवासी किसान
कमलेश पांडेय से बाइक सवार बदमाश 3.5 लाख की नगदी लूट ले गए थे। सूचना पर
पहुंची पुलिस ने जांच कर पास पड़ोस के लोगों से पूछताछ की। एसपी जितेंद्र
कुमार शाही और एएसपी सुधीर कुमार सिंह भी मौके का निरीक्षण किए थे। पुलिस
ने बैंक शाखा पहुंचकर जांच की।
जांच में बैंक खातों से पुष्पा पांडेय और
राजेश पांडेय के खातों से धनराशि निकाले जाने की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने
घटना स्थल के समीप एक व्यापारी के प्रतिष्ठान के बाहर लगे सीसी कैमरे में
बदमाशों को खोजने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों के कोई फुटेज पुलिस को नहीं
मिले।
इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह का कहना है कि बदमाशों के खमरिया पट्टी
की ओर भागने की बात पीड़ित ने बताई थी, लेकिन घटना स्थल के समीप एक
व्यापारी के प्रतिष्ठान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कोई बाइक सवार
नहीं दिखे। एक घंटे की रिकार्डिंग में भी ऐसे कोई बाइक सवार नहीं दिखाई
दिए, जो तेजी से निकले हों।
किसान द्वारा अपनी बाइक दूसरे को देकर दूसरी
बाइक का इंतजार करना भी संदेह के घेरे में है। उधर, किसान कमलेश पांडेय का
कहना है कि घटना को कई लोगों ने देखा।