सर्राफ अनिल अग्रवाल हत्याकांड के फरार चल रहे हत्यारोपियों की चल संपत्ति
कुर्क की जाएगी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के घरों में शनिवार को
नोटिस चस्पा किए। इस दौरान पुलिस ने गांव में मुनादी कराकर लोगों को
हत्यारोपियों के कोर्ट में हाजिर न होने की जानकारी भी दी।
नगर के
मोहल्ला चौक में 11 नवंबर, 2014 को सर्राफ व्यापारी अनिल अग्रवाल की
सशस्त्र बदमाशों ने लूट में असफल होने पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस
ने सर्राफ के पुत्र की ओर से हत्या की रिपोर्ट दर्ज की। 30 दिसंबर,2014
को पुलिस ने घटना का खुलासा कर साजिशकर्ता सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के
गांव बागर के पूर्व प्रधान राजेंद्र सिंह उर्फ रज्जू को गिरफ्तार कर लिया
था।
थाना हजारा क्षेत्र के गांव सिद्धनगर निवासी सर्वजीत सिंह बिल्लू,
बाजार घाट के भजन सिंह, उसके भाई जागीर सिंह और लखीमपुर खीरी के थाना
सिंगाही के मांझा फार्म निवासी बग्गा सिंह पुलिस के हाथ नहीं चढ़ सके थे।
शनिवार को एसएसआई अमर सिंह वांछित हत्यारोपियों के घरों पर पहुंचे।
एसएसआई
ने बताया कि कर उद्घोषणा और कुर्की का नोटिस उनके घरों पर चस्पा किया गया
है।