प्रेम प्रसंग की जानकारी होने पर एक भाई ने अपनी 20 वर्षीय बहन को डांट दिया। इससे क्षुब्ध युवती ने घर के अंदर खुद पर मिट्टी का तेल डाल लिया और आग लगाकर शोला बन गई। युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है। डॉक्टर के मुताबिक युवती 90 प्रतिशत झुलसी है।
घटना पूरनपुर कोतवाली के एक गांव में रविवार की सुबह करीब सात बजे हुई। गांव निवासी एक 24 वर्षीय युवक ने बताया कि वह पांच भाई व पांच बहन हैं। पिता और सभी भाई बाहर ईंट भट्ठों पर रहकर मजदूरी करते हैं। एक बहन का निकाह हो चुका है। घर पर मां के साथ चार बहनें रहती हैं। शनिवार को वह खीरी जिले के मैलानी में स्थित एक ईंट भट्ठे से काम कर रात घर पहुंचा था। उसे छोटी बहन के गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग होने की जानकारी हुई। सुबह उसे दीवार में ईंटों के बीच कथित युवक का कागज पर लिखा मोबाइल नंबर मिला। इससे उसका शक और बढ़ गया। जिस पर उसने बहन को डांट दिया और आरोपी के घर जाकर शिकायत की। शिकायत कर वह घर वापस आता। इससे पहले डांट से क्षुब्ध बहन ने घर में रखा मिट्टी का तेल अपने ऊपर उड़ेल लिया और आग लगा ली। चीखपुकार पर घर वालों ने किसी तरह से उसे बचाया। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। झुलसी युवती को परिवार वालों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। झुलसी युवती का उपचार करने वाले डॉक्टर जगदीश प्रसाद ने बताया कि युवती करीब 90 प्रतिशत झुलसी है। युवती की हालत गंभीर है।