पांवटा साहिब(सिरमौर)। पांवटा के बरोटीवाला में रविवार देर रात को वाहन चढ़ाकर बारातियों को घायल करने वाले आरोपी की तलाश की जा रही है। दो परिवारों की आपसी रंजिश के चलते खुन्नस निकालने को आरोपी युवक ने वारदात को अंजाम दिया। इस वारदात में एक दर्जन बाराती घायल हो गए थे।
दो घायलों की हालत गंभीर होने पर नाहन रेफर किया गया लेेकिन परिजन घायलों को देहरादून अस्पताल ले गए हैं। घायलों में दूल्हे की दादी व नाना समेत रिश्तेदार भी शामिल हैं। पुलिस टीम ने आरोपी के वाहन को एक खड्ड के समीप बरामद कर लिया। पुलिस जांच टीम ने फरार आरोपी के परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। टीमें वारदात के आरोपी की तलाश में जुट गई हैं।
बतातें चलें कि रविवार देर रात को बरोटीवाला गांव में विवाह समारोह चल रहा था। इस बीच बाराती नाचते गाते खुशी से झूमते हुए, दूल्हे के घर के समीप नाच रहे थे। बारात में शामिल होने आई ऊषा रानी समेत ग्रामीणों ने बताया कि पड़ोस का ही एक युवक महेंद्र सिंह नशे में तेज रफ्तार से वाहन के साथ पहुंचा। बारातियों पर तेज रफ्तारी से वाहन चढ़ा दिया।
हादसे में जगीर सिंह(70) पुत्र बचन सिंह, निवासी डोइवाला देहरादून, सर्वजीत सिंह(30) पुत्र रणजोत सिंह, निवासी पट्टीनत्था सिंह, हरजोत सिंह(18) पुत्र परमजीत सिंह, सुरजीत कौर (55) पत्नी रणजीत सिंह, पथिक कौर(40) पत्नी गुरमीत सिंह निवासी बरोटीवाला, नंद कौर(80), परमजीत कौर(50), बलवंत कौर(25) बलप्रीत सिंह(12), सविता (22) पुत्री हरदीप सिंह निवासी कुंडियो व नवनीत कौर (18) पुत्री सुशील कुमार घायल हो गए। वारदात स्थल से सभी घायलों को देर रात दो 108 एंबूलेंसों में सिविल अस्पताल पहुंचाया गया जहां से दो गंभीर रुप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नाहन रेफर कर दिया गया। जबकि 2 गंभीर रुप से घायलों को देहरादून भेज दिया है।