अतिसुरक्षित माने जाने वाले कचहरी गेट के पास लक्ष्मीनरायन की फोटो स्टेट दुकान का ताला तोड़कर चोर करीब 60 हजार रुपये का सामान बटोर ले गए। दुकान स्वामी ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
मोहल्ला देशनगर निवासी लक्ष्मी नरायन ने बताया कि उनकी कचहरी गेट के पास निर्वाचन कार्यालय के निकट फोटो स्टेट की दुकान है। गुरुवार की रात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर उसमें रखे तीन बैटरे, लोहे के पांच बांट, गल्ले में रखी 45 सौ रुपये की नगदी समेत करीब 60 हजार रुपये का सामान बटोर ले गए। पीड़ित ने घटना की तहरीर शहर कोतवाली पुलिस को दी है।
शहर कोतवाल संग्राम सिंह ने बताया कि तहरीर की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। खासबात यह है कि कचहरी गेट के निकट ही पुलिस लाइन है। घटना स्थल से करीब 150 मीटर दूर चौराहा पर जिला जज का आवास है। इस मार्ग पर रात भर पुलिस का आना-जाना रहता है। कचहरी की सुरक्षा के लिए पुलिस भी तैनात रहती है। इसके बावजूद चोरी होने की वारदात से पुलिस की सक्रियता पर सवालियां निशान लग गए हैं।