सूचना पर पहुंचे परिवार वालों ने बमुश्किल बचाया
कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर दर्ज की रिपोर्ट
दो सौ रुपये की उधारी को लेकर हुए विवाद में कालोनी के ही एक पक्ष ने सगे भाइयों को घर बुलाकर पिटाई कर दी। एक युवक को गला दबाकर मारने की कोशिश करने का भी आरोप है। इसकी सूचना मिलने पर पहुंचे परिवारीजनों ने बीच बचाव कर बमुश्किल बचाया। कोतवाली पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराकर मामले की रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के शारदा कालोनी के रहने वाले भूपराम ने बताया कि वह सीडीओ के फालोअर है। उनके बेटे रजत और रतन का दो सौ रुपये का लेनदेन कालोनी के ही नेतराम के पुत्रों से था। दो हजार के नोट खुले न होने के कारण पीड़ित के बेटे दो सौ रुपये नहीं दे पाए थे। आरोप है कि शनिवार सुबह आरोपियों ने पीड़ित के दोनों पुत्रों को अपने घर बुलाया। उसके बाद घर के भीतर ले जाकर मारपीट की। बेटे रजत की गला दबाकर मारने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया। कालोनी के लोगों से जानकारी मिलने पर मां तारावती के साथ पिता भूपराम मौके पर पहुंचे और दोनों को बचाया। कोतवाल इंद्र सिंह ने बताया कि घायलों का मेडिकल कराया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।