हरदोई ब्रांच नहर पटरी के किनारे झाड़ियों में मिला शव नगर के मोहल्ला गनेशगंज पूर्वी निवासी 20 वर्षीय फुरकान का निकला। फुरकान के मामा पूरनपुर देहात के मोहल्ला अहमदनगर निवासी अकील अहमद ने कोतवाली पहुंचकर एक दरोगा के मोबाइल पर मृतक का फोटो देखकर शव की शिनाख्त की।
हरदोई ब्रांच नहर की पूर्वी पटरी से बाइफरकेशन को जाने वाले रास्ते पर झाड़ियों में मंगलवार की सुबह युवक का नग्नावस्था मेें शव मिला था। शव पर धारदार हथियार के गहरे जख्म थे। उसकी टी-शर्ट और बनियान शव के पास से बरामद हुई थी। पुलिस ने गांव उदयकरनपुर निवासी किसान जगमोहन सिंह की ओर से हत्यारों के खिलाफ हत्या कर साक्ष्य मिटाने की रिपोर्ट दर्ज की है। बुधवार को कोतवाली पहुंचे मोहल्ला अहमदनगर निवासी अकील अहमद ने एक दरोगा के मोबाइल पर मृतक का फोटो देखा और शव की शिनाख्त अपने भांजे नगर के मोहल्ला गनेशगंज पूर्वी निवासी फुरकान के रूप में की। अकील अहमद ने बताया कि उसके बहनोई महबुल्ला की करीब डेढ़ दशक पहले मौत हो चुकी है। उसकी बहन और चारों भांजे चार-पांच माह पहले दिल्ली मजदूरी करने चले गए। फुरकान पखवाड़े भर पहले बारहवीं शरीफ पर घर आया था। सोमवार की शाम वह घर में ताला डालकर कहीं चला गया और वापस नहीं लौटा। घर में ताला पड़े होने की जानकारी उन्हें मोहल्ला के लोगों ने दी। भाई के गायब होने की सूचना जब मृतक के बड़े भाई चांद मियां को हुई तो वह मंगलवार को घर पहुंचे। वह दोनों लोग फुरकान की तलाश कर रहे थे। युवक की लाश मिलने की सूचना पर वह कोतवाली पहुंचे। एक दरोगा ने मोबाइल पर शव का फोटो दिखाया। फोटो देखकर उन्होंने उसकी शिनाख्त फुरकान के रूप में की है। उन्होंने फुरकान की किसी से रंजिश होने से इनकार किया है।
स्विच ऑफ है मोबाइल
अकील अहमद ने बताया कि उसके भांजे फुरकान के पास मोबाइल भी था। जब सोमवार को घर पर ताला पड़े होने की जानकारी हुई तो उन्होंने उसके मोबाइल पर कॉल की, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ जा रहा है।
भाइयों में तीसरे नंबर का था फुरकान
अकील अहमद ने बताया कि फुरकान चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। सबसे बड़ा चांद मियां, उससे छोटे रिजवान और फरहान है। चारों भाईयों में किसी की शादी नहीं हुई है। चारों भाई दिल्ली में मां के पास रहते थे।
पुलिस की मौजूदगी में घर का तोड़ा ताला
पूरनपुर। फुरकान के शव का पोस्टमार्टम होकर बुधवार को शव उसके घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। इससे पहले सीओ राजेश्वर सिंह और इंस्पेक्टर शक्ति सिंह की मौजूदगी में फुरकान के घर का ताला तोड़ा गया। पुलिस ने घर में पहुंचकर साक्ष्यों आदि की तलाश की। मृतक के मामा अकील अहमद ने बताया कि घर में पुलिस को कुछ लोगों के मोबाइल नंबर हाथ लगे हैं। इसके अलावा फुरकान का घरेलू सामान ही पाया गया। इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने शव फुरकान का होने की पुष्टि की है।