ऑल इंडिया इत्तिहाद-ए-मिल्लत कौंसिल केे कार्यकर्ताओं ने पीलीभीत जिला मुख्यालय पर बाहरवीं रवी-उल-अव्वल के मौके पर निकाले जाने वाले जुलूस-ए-मोहम्मदी पर हुए लाठी चार्ज, फायरिंग पर रोष व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर घटना की सीबीसीआईडी जांच कराने की मांग की।
आईएमसी जिलाध्यक्ष मौलाना फारूक रजा कादरी के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय पहुंचे आईएमसी कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम को दिया। ज्ञापन में लाठी चार्ज, गोली चलवाने का आदेश किस अफसर ने दिया की जांच करा कर कार्रवाई कराने, लोगों पर फायरिंग करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने, घायलों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा दिलवाने, झूठे दर्ज हुए मुकदमों को वापस कराने, घटना में नाबालिग बच्चे के खिलाफ दर्ज मुकदमा को समाप्त कर नाबालिग को शीघ्र रिहा कराने की मांग की गई। ज्ञापन में 23 फरवरी तक समस्याओं का समाधान न होने पर 25 फरवरी को विधानसभा का घेराव करने की चेतावनी दी गई। ज्ञापन देने वालों में मौलाना फारूक रजा कादरी, मौलाना हैदर हुसैन, नाजिम खान, सईद खां, नादिम कुरैशी, सलमान, राशिद, हाफिज जाविर खां, फैय्याज अहमद आदि थे।