वनकटी रोड पर
पूरवा नहर के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने गांव सहजना निवासी ग्राम प्रधान
ओमकार और गांव रुपपुर निवासी छेदालाल को रोक लिया और उनसे मोबाइल, 5400 की
नगदी लूट लिया। प्रधान ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
गांव सहजना
निवासी ग्राम प्रधान ओमकार ने बताया कि वह शाम करीब साढ़े छह बजे रूपपुर
निवासी छेदालाल को बाइक पर बिठाकर गांव कल्याणपुर जा रहे थे। वनकटी रोड पर
स्थित पूरवा नहर के पास बाइक खड़ी कर लघुशंका करने लगे। इसी बीच एक बाइक पर
सवार होकर तीन बदमाश आए और तमंचे के बल पर दोनों को बंधक बना लिया।
गालीगलौच करते हुए शोर मचाने पर जान से मार देने की धमकी दी।
इसके बाद
बदमाश उनके पास से एक मोबाइल, पांच हजार रुपये और छेदालाल के पास से 400
रुपये लूटकर भाग निकले। उन्होंने बताया कि तीनों बदमाश ढाटा बांधे हुए थे।
बदमाशों के जाने के बाद उन्होंने शोर मचाया तो कई लोग मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने बदमाशों की सुरागरसी की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका।
उन्होंने
घटना की तहरीर पुलिस को दी है। वहीं पुलिस ने तहरीर मिलने की बात से इंकार
किया है। एसओ शमशाद अहमद ने बताया कि उन्हें न तो घटना की जानकारी है और न
ही तहरीर मिली है।