चचेरे भाई को लेकर बीसलपुर आ रहे शाहजहांपुर जिले के थाना निगोही के गांव ऊनकलां निवासी अफरोज की बाइक में डंपर ने टक्कर मार दी। इससे बाइक चला रहे अफरोज और उसका चचेरा भाई रेहान घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को सीएचसी लेकर पहुंची, जहां डॉक्टर ने अफरोज को मृत घोषित कर दिया।
शाहजहांपुर जिले के थाना निगोही के गांव ऊनकला निवासी अफरोज दिल्ली में कपड़ों की सिलाई का काम करता। वह कुछ दिन पहले ही गांव आया था। सोमवार को वह किसी काम से बाइक से बीसलपुर आ रहा था। बाइक पर उसका चचेरा भाई रेहान भी सवार था।
खनंका के पास स्थित गुरुद्वारे के निकट सामने से आ रहे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को लेकर सीएचसी पहुंची। जहां डाक्टर ने अफरोज को मृत घोषित कर दिया, जबकि रेहान की हालत गंभीर होने पर उसे बरेली रेफर कर दिया।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दंपत्ति घायल
जराकोठी। पूरनपुर हाइवे पर थाना गजरौला क्षेत्र में जरा गोदाम के निकट ट्रक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक चला रहे इसी थाना क्षेत्र के गांव पिपरियाकरम निवासी सतनाम सिंह और उनकी पत्नी सतविंदर कौर घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल पत्नी को पीलीभीत के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई गई है।
थाना गजरौला के गांव पिपरियाकरम निवासी सतनाम सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी सतविंदर कौर को लेकर बाइक से जराकोठी जा रहे थे। जरागोदाम के पास पूरनपुर हाइवे पर ट्रक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। जिससे सतविंदर कौर रोड और सतनाम सिंह सड़क निकाने खाई में गिर गए। सड़क पर गिरने के कारण सतविंदर कौर के सिर में गंभीर चोटें आ गईं। सूचना पर पहुंचे परिवार के अन्य लोग दोनों घायलों को पीलीभीत के एक अस्पताल में ले गए। जहां पर डॉक्टर ने सतविंदर कौर की हालत अधिक खराब होने पर उन्हें आईसीयू में रखा है।