24 घंटे के भीतर शहर में दूसरी लूट की वारदात
कोतवाली क्षेत्र के शिवनगर कॉलोनी के पास की घटना
शहर में बाइक सवार लुटेरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। घटनाओं को लेकर पुलिस के लापरवाह रवैया का फायदा उठाकर 24 घंटे में दूसरी वारदात को अंजाम दे डाला। काम निपटाकर घर लौट रहे आईटीआई के छात्र का लैपटॉप और मोबाइल रखा बैग बाइक सवार लुटेरे उड़ा ले गए। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस पीड़ित को साथ लेकर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
शाहजहांपुर जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र के ग्राम कमलापुर निवासी राजकिशोर मिश्रा का बेटा कौशल पीलीभीत के आईटीआई कॉलेज का छात्र है। वह यहां शिवनगर कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है। इसके अलावा एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। रविवार शाम वह मोहल्ला खुदागंज से काम निपटाकर पैदल घर जा रहा था। आईटीआई रोड पर मंदिर के कुछ आगे बढ़ते ही पीछे से आए बाइक सवार लुटेरे झपट्टा मारकर उसके कंधे पर टंगा बैग उड़ा ले गए। बैग में एक लैपटॉप और मोबाइल था। पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने पकड़ने की कोशिश की लेकिन आरोपी एकता नगर कॉलोनी की ओर भाग निकले। इसकी सूचना मिलने पर ठेका चौकी प्रभारी एहसान अली पुलिस बल के साथ पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। चौकी प्रभारी ने बताया कि पीड़ित एक युवक को पहचान लेने की बात कह रहा है। इसलिए उसको साथ ले जाकर शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।