लिफ्ट लेकर बाइक सवार शेरपुरकलां निवासी फरमान से चाकू के बल पर एक बदमाश ने सात हजार रुपये की नगदी लूट ली। मोबाइल लूटने के प्रयास पर हुई धक्का-मुुक्की में फरमान ने बदमाश की आंखों में धूल झोंक दी। इससे हड़बड़ाकर भागे बदमाश से लूटे गए सात हजार रुपये में से चार हजार रुपये घटना स्थल के समीप गिर गए। सूचना के बाद भी पुलिस ने लूटपाट की घटना को मारपीट मेें दर्ज किया है।
घटना शनिवार शाम की है। शेरपुरकलां निवासी फरमान खां ने बताया कि पूरनपुर स्टेशन चौराहा स्थित एक बैंक शाखा के बाहर लगे एटीएम से सात हजार रुपये निकालकर बाइक से घर लौट रहा था। पुराने नखासे के समीप मिले युवक ने हाथ देकर उसकी बाइक रोक ली। उसने गांव रुदपुर जाने की बात कहते हुए शेरपुरकलां तक लिफ्ट मांगी। बाइक पर सवार हुए बदमाश ने पूरनपुर-शेरपुर रोड पर ऊंचे पुल से बाइक निकलते ही उसके पीछे चाकू लगाते हुए शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी और बाइक को मोहम्मदपुर वाले कच्चे मार्ग पर मुड़वा लिया। बाइक के सड़क से उतरते ही उसने बाइक रुकवाकर चाकू दिखाते हुए नगदी निकालने की धमकी दी। इस पर सात हजार रुपये उसने बदमाश को सौंप दिए। मोबाइल देने से मना करने पर बदमाश उससे भिड़ गया। धक्का मुक्की मेें बदमाश ने उसके हाथ और पीठ में चाकू से वार किया। इस बीच उसने जमीन से रेत उठाकर बदमाश की आंखों में झोंक दी। इससे बदमाश हड़बड़ाकर भाग खड़ा हुआ। घटना स्थल पर बाइक छोड़कर भागे फरमान ने कुछ दूरी पर पहुंचकर मोबाइल से घटना की जानकारी गांव के कुछ लोगों को दी। सूचना पर इंस्पेक्टर शक्ति सिंह, एसएसआई हरीराम त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे। जहां भागते समय बदमाश के पास से लूटे गए सात हजार रुपये में से गिरे चार हजार रुपये भी घटना स्थल के समीप मिले। पुलिस ने रुपये फरमान को सौंप दिए, लेकिन घटना लूट में दर्ज किए जाने के बजाय फरमान की ओर से एक अज्ञात बदमाश के खिलाफ मारपीट करने की एनसीआर दर्ज कर अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर ली। इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने बताया कि लूटपाट नहीं हुई। फरमान की एक युवक से मारपीट हुई है। मारपीट में फरमान के रुपये मौके पर गिर गए थे जो मिल गए।