खरीदारी करने जाते वक्त पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के पास हादसा
घरेलू सामान की खरीदारी करने जा रहे 65 वर्षीय मोहनलाल को सड़क पार करते वक्त तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवारवालों से सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के ग्राम मलिका निवासी मोहनलाल लोहार है। मंगलवार दोपहर एक बजे वह पैदल घरेलू सामान की खरीदारी करने जा रहे थे। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के पास पहुंचते ही उनको सड़क पार करते वक्त बाइक ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। हादसे के बाद चालक बाइक छोड़कर भाग निकला। इसकी सूचना मिलने पर पहुंचे परिवारवालों ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद परिवारवाले घायल को जिला अस्पताल ले गए। वहां से प्राइवेट अस्पताल ले जाते वक्त मोहनलाल की मौत हो गई। निजी चिकित्सक द्वारा बुजुर्ग को मृत घोषित करने के बाद परिवारवाले शव घर ले आए। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। परिवारवालों की मांग पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ली है। मृतक के पांच बच्चे अवधेश, विमला, रामगोपाल, नरेश, जयपाल है। इसमें अवधेश की शादी हो चुकी है। पति की मौत की खबर मिलने के बाद से सुमित्रा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।