बरेली हाईवे पर ललौरीखेड़ा पुलिस चौकी के पास हुई वारदात
पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर, टालने में जुटी पुलिस
बरेली हाईवे पर ललौरीखेड़ा पुलिस चौकी के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने पीलीभीत से काम निपटाकर घर लौट रहे गहलुईया के युवक को पहले टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद तमंचे के बल पर सड़क किनारे खाई की ओर ले जाकर बंधक बनाया। इसके बाद उससे बाइक और छह हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित से शिकायत मिलने के बाद मामले की छानबीन करने के बजाए पुलिस ने घटना को संदिग्ध बताकर टाल दिया है। घटनास्थल चौकी के पास बताए जाने पर तहरीर बदलवाने का दबाव बनाया जाता रहा।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के गहलुईया गांव के निवासी अखिलेश कटियार ने बताया कि वह शुक्रवार को काम के सिलसिले में पीलीभीत आए थे। देर शाम बाइक से घर जा रहे थे। बरेली हाईवे पर ललौरीखेड़ा पुलिस चौकी से पहले पीछे से आए बाइक सवार तीन युवकों ने उसको टक्कर मारकर गिरा दिया। पीड़ित इसे महज एक हादसा समझ उठने की कोशिश कर रहा था, कि एक बदमाश ने तमंचा तान दिया। बाकी दो बदमाश उसे पकड़कर पास की खाई में ले गए। जहां अखिलेश को उसके ही कपड़ों से हाथ-पैर बांधकर बंधक बना दिया। इसके बाद उसकी जेब में रखे छह हजार रुपये और मोटर साइकिल लूटकर ले गए। इस बीच एक बाइक को आता देख बदमाश भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने बाहर आकर एक बाइक सवार को रोक लिया। जिसमें वह उसका ही एक रिश्तेदार निकला। जिसने उसको बंधनमुक्त किया। इसके बाद तुरंत ही ललौरीखेड़ा पुलिस चौकी जाकर शिकायत की गई। आरोप है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी एक घंटा उसे चौकी में बैठाए रहे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। शनिवार को थाने पहुंचकर पीड़ित ने घटना की तहरीर दी। यहां भी पुलिस ने वारदात को चौकी के पास न दिखाकर कहीं और दिखाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। वारदात के 24 घंटे बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा सकी। इंस्पेक्टर जहानाबाद रविंद्र पाल वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। जांच में जो भी सामने आएगा, उसके आधार पर कार्रवाई होगी।