चीनी मिल गेट पर स्थित कांटा नंबर तीन पर शुक्रवार को गन्ना तुलाने आए डनलप में जुते भैंसे की करंट से मौत हो गई। इसे लेकर किसानों ने खूब हंगामा किया, जिससे पांच घंटे तौल बंद रही।
गांव चंदपुरा निवासी रामपाल शुक्रवार को चीनी मिल गेट पर स्थित कांटा नंबर तीन पर डनलप से गन्ना तुलवाने आया था। इसी बीच क्रय केंद्र के पटले पर करंट उतर गया, जिससे डनलप में जुता भैंसा उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारियों ने बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। किसानों ने इस घटना के लिए मिल अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया और हंगामा करने लगे। सूचना मिलने पर सीसीओ सेवकराम सिंह और गन्नाधिकारी नीरज शुक्ला मौके पर पहुंच गए। किसानों ने इन अधिकारियों का घेराव कर लिया। बाद में जीएम नरेंद्र राय ने किसानों से वार्ता की और पीड़ित किसान को मिल की ओर से 20 हजार रुपये का मुआवजा दिलवाया, तब किसान शांत हुए। इसके चलते पांच घंटे बाद तक तौल कार्य ठप रहा।