दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव ढकिया रंजीत गांव में चल रही भागवत कथा के दौरान एक नशेड़ी ने बखेड़ा खड़ा कर दिया। नशे की हालत में कथा स्थल पर पहुंचकर नशेड़ी ने हवाई फायरिंग कर दी। जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। यही नहीं विरोध करने पर आरोपी आयोजकों से भी भिड़ गया। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी तब तक भाग चुका था।
दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव ढकिया रंजीत निवासी अनोखेलाल गंगवार के मकान के सामने पिछले चार दिनों से भागवत कथा चल रही है। मैनपुरी से आए कथावाचक विजय मिश्रा प्रवचन दे रहे थे। सोमवार रात रोज की तरह काफी संख्या में गांव के लोग प्रवचन सुन रहे थे। रात करीब 12 बजे गांव का एक युवक नशे की हालत में मौके पर पहुंच गया और हंगामा शुरू कर दिया। पहले मौके पर रखे सामान को फेंकना शुरू कर दिया। आयोजकों ने जब नशेड़ी को समझाने की कोशिश की तो वह उनसे भिड़ गया। इसके बाद आरोपी ने तमंचा निकालकर हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। गोली की आवाज सुनकर कथा सुनने आए लोग अनहोनी के डर से इधर उधर भाग खड़े हुए। जिसके बाद आरोपी तमंचा लहराते हुए भाग निकला। चौकीदार रामेश्वर दयाल से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मौजूद लोगों से घटना की जानकारी जुटाई गई। आरोप है कि पुलिस को मौके पर पहुंचने में दो घंटे का समय लग गया। कोतवाल एसएस यादव ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस को मौके पर भेजा गया था। आरोपी के घर दबिश भी दी गई, लेकिन वह नहीं मिल सका। चौकीदार से सिर्फ मौखिक सूचना मिली थी, तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।