यूनियन बैंक शाखा के एटीएम की डिसप्ले रुपये चोरी करने के उद्देश्य से पूरनपुर देहात के मोहल्ला खानकाह निवासी सलमान ने ईंट मारकर तोड़ी थी। पुलिस ने आरोपी सलमान को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया है। दर्ज एनसीआर को चोरी के प्रयास में तरमीम कर दिया गया है।
एसडीएम, सीओ आवास/कार्यालय के समीप स्थित यूनियन बैंक शाखा परिसर में लगे एटीएम कक्ष में शुक्रवार की शाम को एक युवक ने घुसकर एटीएम की डिसप्ले तोड़ दी थी। पुलिस ने शाखा प्रबंधक एलसी देवागन की ओर से एनसीआर दर्ज कर ली थी। एटीएम की डिसप्ले तोड़ने की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लेकर सीसी टीवी फुटेज देखकर एक युवक से पूछताछ कर घटना का खुलासा कर दिया। इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने बताया कि एटीएम की डिसप्ले मोहल्ला खानकाह निवासी सलमान ने ईंट मारकर रुपये चोरी करने के उद्देश्य से तोड़ी थी। इसका खुलासा सलमान ने पूछताछ में किया है। एटीएम के केयर टेकर के आने के भय से सलमान चोरी की घटना को अंजाम नहीं दे सका था। उन्होंने बताया कि जांच में एटीएम की डिसप्ले चोरी के प्रयास को लेकर तोड़ने का मामला प्रकाश में आया है। इस पर दर्ज एनसीआर को चोरी के प्रयास की धारा में तरमीम कर दिया गया है।