इंडियन ओवरसीज बैंक का निदेशक बताकर किसी शख्स ने गांव चिडै़यादाह निवासी सगीर अहमद को एटीएम कार्ड बंद होने का झांसा दिया और चालू कराने की बात कहकर एटीएम का कोड पूछकर उसके खाते से 38 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की तहरीर पर सुनगढ़ी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शहर से सटे गांव चिड़ैयादाह निवासी सगीर अहमद ने बताया कि 24 जनवरी को उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को इंडियन ओवरसीज बैंक का डायरेक्टर बताते हुए कहा कि उसका एटीएम कार्ड लॉक हो गया है। एटीएम चालू कराने के लिए उसने एटीएम का कोड पूछा। झांसे में आकर उसने कोड बता दिया। उन्होंने बताया कि कॉलकर्ता ने उसके खाते से 38 हजार रुपये निकाल लिए। रुपये निकाले जाने की जानकारी तब हुई जब वह सोमवार को रुपये निकालने बैंक गया। पीड़ित ने घटना की तहरीर सुनगढ़ी पुलिस को दी है। इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।