जिले के थाना हजारा क्षेत्र की एक 55 वर्षीय महिला ने पड़ोस के ही एक युवक
पर घर में घुसकर दुराचार की कोशिश करने का आरोप लगाया है। महिला ने सीओ
पूरनपुर को शिकायती पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
महिला
ने बताया कि चार मई को वह घर में सो रही थी। रात करीब 11 बजे पड़ोस का ही
एक युवक घर में घुस आया और दुराचार का प्रयास किया। जब उसने विरोध किया तो
पहले पैसे देते हुए मुह बंद रखने की धमकी दी। शोर मचाने पर जान से मार देने
की धमकी दी। किसी तरह से वह उसके चंगुल से छूटकर घर से बाहर भाग कर आई और
शोर मचाया। इस पर आरोपी अपना मोबाइल व कुछ दवाइयां मौके पर छोड़कर भाग
निकला। सुबह उसने मामले की शिकायत ग्राम प्रधान से की। आरोप है कि ग्राम
प्रधान ने झांसे में लेकर मोबाइल व दवाई उससे ले ली और रिपोर्ट दर्ज कराने
के लिए उससे सादे कागज पर अंगूठा लगवा लिया। बाद में जब वह थाना रिपोर्ट
दर्ज कराने गई तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। एसओ भुवनेश कुमार गौतम ने
बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट
दर्ज की जाएगी।