घर में अकेली मौजूद थाना बरखेड़ा के गांव जिरौनिया निवासी दलित बेवा राजकुमारी की 15 वर्षीय पुत्री एवं कक्षा दस की छात्रा रामकली की रेप के बाद उसके दुपट्टे से ही गला घोटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पीलीभीत से मजदूरी कर जब उसकी मां राजकुमारी देर शाम घर पहुंची और पुत्री के न मिलने पर कमरे की बाहर से लगी कुंडी खोली तो पुत्री का शव पड़ा देखा। दुपट्टे से उसकी गर्दन कसी थी तथा उसका कुछ भाग रामकली के मुंह में ठुंसा था। उसकी सलवार खुली थी और गुप्त अंगों से खून बह रहा था। उसके सिर के कई बाल नुचे पड़े थे। हत्या की सूचना पर आधी रात पहुंचे किशोरी के भाई हरगोपाल ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ बीसलपुर और एसओ मौके पर पहुंचे और मृतका की मां से पूछताछ की। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मृतका के भाई की ओर से अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव जिरौनिया निवासी बेवा 55 वर्षीय राजकुमारी का मकान गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर उसके खेत में ही बना है। उनका इकलौता पुत्र हरगोपाल रुद्रपुर में रहकर मजदूरी करता है। वह पुत्री रामकली के साथ घर पर रहती हैं। रामकली पौटा स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में कक्षा 10 की छात्रा थी। बेवा मां के मुताबिक बुधवार की सुबह करीब आठ बजे स्कूल जा रही पुत्री के साथ उसकी ही साइकिल से वह पौटा गईं थी। उसके बाद पुत्री स्कूल चली गई और वह खुद पीलीभीत मंडी में मजदूरी करने आ गईं। देर शाम जब घर पहुंची तो पुत्री नहीं दिखी। इस पर उन्होंने आवाज लगाई। छत पर भी जाकर देखा, लेकिन वह नहीं बोली। छत से उतरकर जब उन्होंने कमरे में बाहर से लगी कुंडी खोली तो देखा उसकी पुत्री का शव जमीन पर पड़ा था। उसका गला उसी के दुपट्टे से कसा था और दुपट्टे का कुछ भाग उसके मुंह में ठुंसा था। सलवार खुली और गुप्त अंग से खून निकल रहा था। कमरे में रखे आलू व अन्य सामान बिखरा पड़ा था। यह देख वह चीख पड़ी और राजकुमारी के गले में बंधा दुपट्टा खोल दिया और उसे हिलाडुला कर देखा तो वह मृत मिली। इस पर वह रोते और शोर मचाते गांव पहुंची और ग्राम प्रधान ननकूलाल व अन्य लोगों को मामले की जानकारी दी। सूचना पर गांव के तमाम लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। बहन की मौत की सूचना पर उसका भाई हरगोपाल रात करीब दो बजे रुद्रपुर से घर पहुंचा और बुधवार की सुबह करीब 8.30 बजे पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ बीसलपुर सुवेग सिंह सिद्धू, एसओ सुरेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और घर वालों से घटना के बाबत जानकारी ली। एसओ सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के भाई की ओर से अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
तीन डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम
छात्रा रामकली का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल से कराया गया। पैनल में महिला डॉक्टर अंजली भी शामिल रहीं।
सीओ ने मौका मुआयना किया था। उन्होंने गले में दुपट्टा कसे होने, शरीर व गले पर घाव के निशान व सलवार खुली होने तथा प्राइवेट पार्ट से खून बहने आदि की कोई जानकारी नहीं दी है। किशोरी की अंडरवियर पर धब्बे देखे जाने की बात जरूर बताई है। सीओ ने जो स्थिति बताई है उससे किशोरी की मौत संदिग्ध परिस्थिति में होना लग रही है। अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है, उसके प्राप्त होने पर उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
जवाहर, एसपी