बाइक से घर जा रहे एक राइस मिल के मुनीम गांव मुजफ्फरनगर निवासी ओमवीर को बदमाशों ने रास्ते में रोककर लूटने का प्रयास किया। मुनीम द्वारा बाइक न रोकने पर बदमाशों ने उनके ऊपर डंडे से प्रहार किया, जिससे वह मामूली रूप से घायल हो गए। उधर, गांव सिमरिया में बदमाशों की आहट पर रात को लोगों ने शोर-शराबा किया।
गांव मुजफ्फरनगर निवासी ओमवीर नगर की एक राइस मिल में मुनीम हैं। बृहस्पतिवार की शाम करीब नौ बजे ड्यूटी खत्म कर वह बाइक से घर जा रहे थे। आसाम हाइवे से गांव जाने वाले रास्ते पर अचानक दो बदमाश हाथों मेें डंडा लेकर सामने आ गए। बदमाशों ने उसे रोकने का प्रयास किया। न रुकने पर बदमाशों ने उसके ऊपर डंडा से प्रहार किया, जो उसके हाथ में लगा, जिससे उनका हाथ जख्मी हो गया। उसने बताया कि अगर बाइक रोक देता तब बदमाश पिटाई कर लूटपाट करते। उधर, गांव सिमरिया में रात को बदमाशों की आहट पर लोगों ने शोर-शराबा किया। हालांकि दोनों घटनाओं की सूचना पुलिस को नहीं दी गई।