स्टेशन चौराहा के निकट स्थित एक कपड़े की दुकान में दो युवक घुस गए और कपड़ा चोरी करने लगे। इसी बीच लघुशंका कर लौटे दुकानदार की नजर युवकों पर पड़ी। दुकानदार ने शोर मचाकर एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। दुकानदार ने पकड़े गए आरोपी को बरामद कपड़ों सहित सुनगढ़ी पुलिस को सौंप दिया है।
शहर से सटे गांव गौहनिया निवासी लीलाधर की रेलवे स्टेशन चौराहा पर रेडीमेड कपड़े की दुकान है। दुकान स्वामी लीलाधर ने बताया कि बुधवार की सायं वह दुकान से लघुशंका करने चले गए। इसी बीच मौका पाकर दो युवक उसकी दुकान में आए और रेडीमेड कपड़े चोरी कर थैले में रखने लगे। लघुशंका कर जब वह दुकान पर पहुंचे तो दोनों युवक भागने लगे। उन्होंने शोर शराबा कर आसपास के लोगों की मदद से एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि उसका दूसरा साथी भाग निकला। आरोपी के पकड़े जाने पर मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। भीड़ ने आरोपी की पिटाई की। बाद में सुनगढ़ी पुलिस को सौंप दिया। दुकानदार ने आरोपी दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम सोनू राजपूत निवासी महबूबनगर जिला बहराइच बताया है। इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।