विवाहिता की गला दबाकर हत्या
दहेज की मांग पूरी न होने पर घटना का आरोप
पति सहित छह के खिलाफ रिपोर्ट, शव पीएम को भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
पूरनपुर।
दहेज में बाइक की मांग पूरी न करने पर गांव जमुनिया (गजरौला) निवासी 24 वर्षीय सीता देवी की बृहस्पतिवार शाम को गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची विवाहिता की मां कमला देवी व अन्य परिजनों की ससुरालियों ने पिटाई कर दी। पुलिस ने विवाहिता के पिता से मिली तहरीर पर पति समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शुक्रवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गजरौला थाना के गांव जमुनिया निवासी छविनाथ ने बताया कि उन्होंने दो साल पहले अपनी पुत्री सीता की शादी पूरनपुर के गांव मोहनपुर निवासी प्रेमराज से की थी। शादी के बाद से आरोप है कि ससुराल वाले दहेज में बाइक की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित किया जाने लगा। इसकी कई बार विवाहिता ने अपने परिजनों को जानकारी दी। इस पर परिजनों ने ससुरालियों से बातचीत कर काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन ससुराल वाले नहीं मानें। आरोप है कि दहेज में की जा रही मांग के पूरा न होने पर बृहस्पतिवार शाम को ससुरालियों ने विवाहिता सीतादेवी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसकी जानकारी मिलने पर परिवार वाले बेटी की ससुराल पहुंच गए। जहां ससुराल वाले सीता के शव का अंतिम संस्कार करने का प्रयास कर रहे थे। इसका विरोध करने पर आरोप है कि ससुराल वालों ने परिजनों पर हमला बोल दिया। विवाहिता की मां समेत कई अन्य परिजनों से मारपीट की गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद आरोपी धमकी देकर भाग गए। उधर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। एसएसआई उदयवीर सिंह ने बताया कि पिता छविनाथ से मिली तहरीर पर पुलिस ने पति प्रेमराज, जेठ ख्योराज, छोटेलाल, ख्योराज और छोटे लाल की पत्नी, सीता की सास के खिलाफ दहेज हत्या और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है।