पीलीभीत। जनपद के सट्टा किंग पप्पू टेलर को भले पुलिस पकड़ने में अभी कामयाब नहीं हो सकी हो, लेकिन बरेली मंडल में कारोबार को तेजी से फैला रहे शातिर सट्टेबाज वेदप्रकाश उर्फ वेदी की धरपकड़ के बाद उसका एजेंट बनकर काम करने वाले बरेली के बारादरी थाने में तैनात सिपाही हैदर अली को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बता दें कि जनपद में सट्टा कारोबार बड़े पैमाने पर पैर पसारे हुए है। दो महीना पहले तत्कालीन एसपी देवरंजन वर्मा ने छापामारी कर पांच सटोरियों को पकड़ा था। हालांकि सरगना पप्पू टेलर व उसका साथी भाग निकले। उनकी गिरफ्तारी को पुलिस टाल गई। खाकी की मिलीभगत को उजागर करते हुए अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद एसपी कलानिधि नैथानी ने बीते दिनों न सिर्फ फरार पप्पू टेलर व उसके साथी पर पांच-पांच हजार के इनाम की घोषणा की, लेकिन रुहेलखंड के नामचीन सट्टा किंग शाहजहांपुर निवासी वेदप्रकाश उर्फ वेदी को धर दबोचा। उसकी गिरफ्तारी के दौरान बरेली के बारादरी थाने में तैनात सिपाही हैदर अली का नाम प्रकाश में आया। बताया गया कि यह पुलिस में रहकर वेदी के एजेंट के रूप में काम करता है। एसपी ने कानूनी शिकंजा कसते हुए सिपाही की कॉल डिटेल निकलवाई। जिसमें वेदी व अन्य सटोरियों से बातचीत की कई कॉल मिली। जिससे उसकी मिलीभगत के आरोप सही पाए गए। इसके बाद शनिवार को उक्त सिपाही की गिरफ्तारी कर ली गई है।
000
कई और भी है सटोरियों के मददगार
एसपी कलानिधि नैथानी की सख्ती के बाद सटोरियों को पनाह देने वाले एक सिपाही की गिरफ्तारी की जा चुकी है। इसके अलावा जनपद में कई और पुलिसकर्मी ऐसे है जिनकी चर्चा नामचीन सटोरियों से दोस्ती को लेकर होती है। पुलिस की गतिविधियों की जानकारी इधर से उधर करने से लेकर उनका काम सटोरियों के सामने आने वाली दिक्कतों को दूर करना भी रहा है। सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों के साथ आए दिन इनका घूमता फिरना रहता है। अब दो दिन में हुई कार्रवाई को लेकर यह कहना गलत नहीं होगा कि अब इन पुलिसकर्मियों पर भी शिकंजा कसा जा सकेगा।
000
सिपाही हैदर अली फरार सटोरियों को बचाने निकला था। उसकी कॉल डिटेल से उसके सट्टे में लिप्त होने की बात स्पष्ट हो चुकी है। शाहजहांपुर में दस साल की तैनाती के दौरान वह वेदी के संपर्क में आया और उसका एजेंट बनकर काम करने लगा। चार माह पहले वह स्थानांतरण पर बरेली पहुंचा और वहां भी वेदी के कारोबार को बढ़ाने में लग गया था। उसकी बीसलपुर में गिरफ्तारी की गई है।
- कलानिधि नैथानी, एसपी