कोतवाली से हत्या के विचाराधीन बंदी का विसरा गायब
न्यायालय के तलब करने पर तलाशने पर अफसरों को लगी भनक
एसपी ने सीओ से कराई जांच, तत्कालीन मुंशी पर कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। बहुचर्चित निर्मल मिश्रा हत्याकांड के विचाराधीन बंदी मोहल्ला नई बस्ती निवासी त्रिलोकीनाथ शुक्ला उर्फ टिल्लू (43) का विसरा कोतवाली से गायब हो गया। न्यायालय से विसरा तलब करने पर अफसरों ने काफी तलाश कराया, लेकिन विसरा नहीं मिला। सीओ सिटी से कराई गई जांच में तत्कालीन मालखाना इंचार्ज के दोषी पाए जाने पर उस पर विभागीय कार्रवाई की गई है।
बल्लभनगर कॉलोनी के निवासी पेट्रोल पंप प्रबंधक निर्मल मिश्रा की मार्च 2015 में दुलहड़ी के दिन चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। मामले में सुनगढ़ी पुलिस ने बलवा, हत्या आदि धाराओं में मोहल्ला नई बस्ती निवासी त्रिलोकीनाथ समेत एक ही परिवार के पांच लोगों को जेल भेजा था। हत्यारोपी त्रिलोकीनाथ 18 मई 2015 को जेल भेजे गए थे। शुगर की बीमारी से ग्रसित होने पर उसका जेल अस्पताल में काफी समय इलाज चला। 17 मार्च 2017 को उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और दूसरे दिन 18 मार्च को इलाज के दौरान मौत हो गई थी। शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराने के बाद विसरा सुरक्षित किया गया था। बीते दिनों एसीजेएम तृतीय न्यायालय से त्रिलोकीनाथ का विसरा तलब किया गया। इस पर अफसरों ने चेक कराया तो कोतवाली के मालखाने से विसरा गायब मिला। जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि तत्कालीन मालखाना इंचार्ज सूरजपाल को बुलाकर तलाशा गया, लेकिन विसरा नहीं मिल सका है। विसरा गायब होने की सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल से जांच कराई गई है। इसमें तत्कालीन मालखाना इंचार्ज सूरजपाल की लापरवाही उजागर हुई है। सूरजपाल वर्तमान समय में मुरादाबाद यूपी 100 में तैनात है। लापरवाही पर सूरजपाल को मिस कंडक्ट (विभागीय दंड) दिया गया है। इसके अलावा रिपोर्ट बनाकर न्यायालय को भेज दी गई है।