पीलीभीत।मारपीट के एक मामले में नाम प्रकाश में आने का डर दिखाकर युवक से पांच हजार रुपये वसूलने के आरोप में घिरे सिपाही की जांच शुरू कर दी गई है। एसपी कलानिधि नैथानी ने रविवार को सीओ सिटी को प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट मांगी है।
सुनगढ़ी क्षेत्र के घनश्याम नगर कॉलोनी के रहने वाले सोनू यादव ने एसपी से शिकायत कर बताया था कि एक सिपाही उनको कई दिनों से जेल जाने का डर दिखा 15 हजार रुपये की मांग कर रहा है। ट्रांसपोर्ट नगर कॉलोनी की एक महिला से बीते दिनों की गई मारपीट की घटना में उसका नाम सामने आने की बात कही जा रही है। इसके लिए वह पांच हजार रुपये भी ले चुका है। रविवार को एसपी ने सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल को मामले की जांच के निर्देश दिए। सीओ सिटी ने बताया कि शिकायतकर्ता और पुलिस से उनका पक्ष जानने के बाद रिपोर्ट एसपी को दी जाएगी। अगर सिपाही पर लगे आरोप सही पाए गए तो कार्रवाई होगी।