पीलीभीत। खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे व्यापारियों को एसपी कलानिधि नैथानी ने संतुष्ट करने के लिए सख्त सुरक्षा का बंदोबस्त करने का भरोसा दिलाया। उनसे बातचीत करने के बाद बाजार में पिकेट प्वाइंट बढ़ाने और ट्रैफिक सुधार को लेकर आवश्यक कदम उठाने की रणनीति बनाई।
लकड़ी मंडी-जेपी रोड पर एक रात में दो दुकानों में चोरी की वारदात के बाद व्यापारियों ने एसपी से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बरती जा रही लापरवाही की शिकायत की थी। जिसको लेकर व्यापारियों का गुस्सा भी सामने आया। ऐसे में उनको संतुष्ट करने के लिए एसपी ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में बैठक की। व्यापारियों ने सुरक्षा के मुद्दे पर पुलिस को घेरा। जिस पर एसपी ने उनको विश्वास दिलाया कि वारदातों का जल्द खुलासा किया जाएगा। लगातार पुलिस संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इसके अलावा बाजार में कई स्थानों पर पुलिस पिकेट की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा बेपटरी ट्रैफिक व्यवस्था का सुधार होगा। इसके लिए सीओ ट्रैफिक कमल सिंह को नियमित रूप से ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों से मिले सुझावों पर भी मंथन किया जा रहा है। इसके अलावा प्रतिष्ठान पर सुरक्षा के लिहाज से बेहतर क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे लगाने की बात व्यापारियों से कही। यह तय किया गया कि माह में एक बार अधिकारी और व्यापारी की बैठक की जाएगी। इस मौके पर एएसपी रोहित मिश्रा, सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल, सीओ ट्रैफिक कमल सिंह, कोतवाल एसके सिंह व व्यापारीगण मौजूद रहे।
-------