खेकड़ा (बागपत)।
क्षेत्र के ग्राम सलावतपुर खेड़ी के पवन हत्याकांड के फरार पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर खेकड़ा थाने में चल रहा अनिश्चित कालीन धरना थाना प्रभारी के सोमवार तक समस्या हल कराने के आश्वासन के बाद खत्म हो गया।
शुक्रवार को मृतक पवन के परिजनों ने ग्राम प्रधान अमर दीप सिंह के नेतृत्व में खेकड़ा थाने पर फरार पांच हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर खेकड़ा थाने में अनिश्चित कालीन धरना शुरू किया था। थानाध्यक्ष ने कई बार धरना समाप्त कराने की कोशिश शुक्रवार को की, लेकिन परिजन नहीं माने। शनिवार को थानाध्यक्ष ने धरनारत लोगों को आश्वासन दिया सोमवार तक समस्या का निदान कर दिया जाएगा। इसके बाद परिजन धरना समाप्त कर गांव लौट गए। इस दौरान कुसुम, नीरज, संगीता, कमलेश, श्यामो, रामवती, अमित, बबलू, शिवकुमार, सतबीर, सलीम, छत्रपाल, बलबीर, सतपाल, जयबीर आदि मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है एक माह पहले क्षेत्र के ग्राम सलावतपुर खेड़ी में रंजिश के चलते पवन की गोली मारकर हत्या की। जबकि उसका भाई घायल हो गया था। उक्त मामले में मृतक के भाई बेनाम सिंह ने पूर्व ग्राम प्रधान राजेंद्र समेत बारह लोगों के खिलाफ हत्या एवं जानलेवा हमले का खेकड़ा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस उक्त मामले में पूर्व प्रधान राजेंद्र समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जबकि पांच लोगों को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी।