पीलीभीत। वाहनों की तेज रफ्तार हादसे का सबब बन गई। गजरौला, पूरनपुर और बीसलपुर क्षेत्र में अलग-अलग चार स्थानों पर हुए हादसों में दंपती समेत 16 लोग घायल हो गए। असम हाईवे पर गजरौला थाना क्षेत्र में खाग सराय गांव के पास शनिवार दोपहर पीलीभीत की ओर से आ रही रोडवेज बस ने एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इसमें ई-रिक्शा चालक शहर की छत्रपति शिवाजी कॉलोनी निवासी रामपाल (45), ई-रिक्शा में बैठे बरखेड़ा थाना क्षेत्र के दौलापुर गांव निवासी पुष्पा देवी (65), उनका बेटा रामसरन (28़) और रिश्तेदार नीमा देवी घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया। इनमें पुष्पा देवी की हालत गंभीर है। परिजनों ने बताया कि पुष्पा देवी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा था। परिवार वाले अस्पताल से छुट्टी कराकर ई-रिक्शा में घर ले जा रहे थे।
पूरनपुर। असम हाईवे पर कढ़ेरचौरा गांव के पास दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। इसमें रंपुरा कोन गांव निवासी सुखविंदर सिंह (55) और उनकी पत्नी रंजीत कौर घायल हो गए। उनको सीएचसी लाया गया। रंजीत कौर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं कढ़ेरचौरा के पास ही अपराह्न करीब तीन बजे एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार खुटार (शाहजहांपुर) थाना क्षेत्र के गांव जादमपुरकलां निवासी शमशुल, आसिफ और हासिम घायल हो गए। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार बाइक सवार बिना हेलमेट ट्रिपल राइडिंग कर रहे थे।
बीसलपुर। दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव इलाबांस निवासी लालता प्रसाद और हेमराज बाइक पर पीलीभीत से लौट रहे थे। तभी उनकी बाइक में सामने से आई कार ने टक्कर मार दी। कार में दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव पिपरिया संजरपुर निवासी रजनीश कुमार, जितेंद्र, मोरध्वज, विचित्र और अश्वनी कुमार थे। भिड़ंत में दोनों वाहनों पर सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।