पीलीभीत। कुकर्म व पॉक्सो एक्ट के बंदी राजीव की मौत के मामले में 15 दिसंबर को राज्य मानवाधिकार आयोग के निर्देश पर तत्कालीन जेल चिकित्सक नीरज सिंह पर दर्ज की गई रिपोर्ट की विवेचना सीबीसीआईडी को भेज दी गई है। विभागीय कार्रवाई पूरी कर एसपी ने विवेचना को निर्देशानुसार स्थानांतरित कर दिया है।
25 अक्तूबर 2014 से कुकर्म व पॉक्सो एक्ट के मामले में जिला कारागार में बंद शहर के मोहल्ला थान सिंह निवासी 28 वर्षीय राजीव पुत्र छत्रपाल की पांच मई 2015 को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। जेल प्रशासन की रिपोर्ट पर शुरू हुई राज्य मानवाधिकार आयोग की जांच में तत्कालीन जेल चिकित्सक नीरज सिंह की लापरवाही पाई गई थी। इसके बाद आयोग के निर्देश पर 15 दिसंबर को जेल अधीक्षक अनूप सिंह की ओर से कोतवाली में डॉ.नीरज सिंह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। कोतवाली पुलिस ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल के माध्यम से एसपी को दी। जिसके बाद विभागीय कार्रवाई पूरी करने के बाद उक्त मुकदमे की विवेचना सीबीसीआईडी को भेज दी गई है। एसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि राज्य मानवाधिकार आयोग के निर्देशानुसार कार्रवाई कराई गई है। इसकी जांच सीबीसीआईडी को करनी है, इसलिए विवेचना स्थानांतरित की जा चुकी है।
----------