ठेकेदार से लूटपाट करने वालों की गिरफ्तारी की मांग
खेकड़ा (बागपत)।
क्षेत्र के ग्राम बसी निवासी टावर लगाने के ठेकेदार से कार, नगदी, लैपटॉप और मोबाइल लूट से नाराज ग्रामीणों ने थाने में प्रदर्शन कर धरना दिया। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को जल्द बदमाशों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
शनिवार को शाम करीब सात बजे क्षेत्र के ग्राम बसी निवासी टावर लगाने वाले ठेकेदार सोहनबीर की नई कार, लैपटॉप, बीस हजार रुपये, दो मोबाइल बाइक सवार दो बदमाशों ने पिस्टलों के बल पर उस समय लूट ली थी, जब वह मेरठ से अपने चचेरे भाई के साथ अपने गांव बसी लौट रहा था। सोहनबीर ने खेकड़ा थाने में लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई।
लूटी कार बरामद न करने एवं बदमाशों का सुराग न लगने पर आक्रोशित ग्रामीण पीड़ित के साथ रविवार को दोपहर बारह बजे खेकड़ा थाने में पहुंचे। वहां उन्होंने प्रदर्शन कर लूटपाट की घटनाओं पर आक्रोश जताया। थाना प्रभारी देवेंद्र विष्ट से अविलंब लूटी कार बरामद करने और बदमाशों गिरफ्तार करने की मांग की। थाना प्रभारी ने कहा बदमाशों को पकड़ने लिए टीमें लगी हैं। जल्द ही बदमाशों पकड़ लिया जाएगा।