पीलीभीत। कुछ दिन पहले रेप का मुकदमा दर्ज करने के बजाय थाने से टरकाने के आरोप में सुर्खियों में रहे गजरौला थाने दरोगा ने एसपी के आदेश को भी ठेंगा दिखा दिया। एसपी कार्यालय से पीली पर्ची लेने पहुंची महिला की रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय उसे थाने से भगा दिया। पीड़ित महिला ने इसकी शिकायत सीओ से की गई है।
गजरौला कस्बे की निवासी फूलबी पत्नी अच्छन मियां ने बताया कि मकान से सटकर उसका एक खेत है। इस पर पड़ोस का एक दबंग कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। इसको लेकर वाद न्यायालय में विचाराधीन है। अग्रिम निर्णय आने तक न्यायालय ने यथा स्थिति बनी रहने का आदेश किया है। आरोप है कि इसके बावजूद थाना पुलिस की शह पर आरोपी लगातार खेत की फसल जोत रहा है। इसकी कई बार शिकायत की गई, लेकिन पुलिस ने अनुसना कर दिया। बुधवार को एसपी देवरंजन ने शिकायत मिलने पर महिला को पीली पर्ची लेने के लिए गजरौजा थाने भेजा। यह भी निर्देश दिए कि दरोगा को मौके पर भेजकर आरोपों की जांच कराई जाए। महिला का आरोप है कि वह थाना पहुंची और मौजूद एक दरोगा से मिली। इस पर उन्होंने मामले की जांच करने के बजाए उसे वापस कर दिया। पीली पर्ची देने से भी इनकार कर दिया। पीड़िता ने बृहस्पतिवार को सीओ से इसकी शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई। जिसमें थाना पुलिस पर संगीन आरोप लगाया है।
महिला से शिकायत मिली है। एसएचओ गजरौला से इसको लेकर जानकारी की जा रही है। इसके अलावा महिला को पीली पर्ची देकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए है। मामला जमीन से जुड़ा और न्यायालय में विचाराधीन है। इसकी समाधान दिवस में सुनवाई की जाएगी।- निशांक शर्मा, सीओ सिटी