बरेली खरीददारी करने गए गांव जोगराजपुर निवासी व्यापारी अशफाक की जेब से 65 हजार रुपये उड़ा दिए गए। जेब कटने का अहसास होने पर व्यापारी ने जेबकतरे का पीछा किया। इस दौरान सड़क पर गिर जाने से व्यापारी का पैर टूट गया। व्यापारी को बरेली के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसकी सूचना मिलने पर व्यापारी के परिवार वाले बरेली को रवाना हो गए।
यह घटना शनिवार को बरेली की है। जोगराजपुर के अशफाक की गांव में ही इलेक्ट्रानिक के सामान की दुकान है। वह शनिवार को सुबह अपनी दुकान का सामान खरीदने बरेली गए थे। अशफाक ने मोबाइल पर बताया कि वह सेहरामऊ स्टेशन से ट्रेन में पीलीभीत और वहां से रोडवेज बस में बरेली पहुंचे। बरेली में वह सेटेलाइट बस स्टैंड से थ्री व्हीलर में बैठकर पुराने रोडवेज जा रहे थे। रास्ते में थ्री व्हीलर में पीछे एक जेबकतरा बैठा था, जिसने अशफाक की जेब से पर्स उड़ा दिया और चलते थ्री व्हीलर से कूदकर भागने लगा। उसे देखकर अशफाक को अपनी जेब कटने का अहसास हुआ, जिससे वह थ्री व्हीलर से कूदकर जेबकतरे का पीछा करने लगे। पीछा करने के दौरान वह सड़क पर गिर गए, जिससे पैर टूट गया। इससे जेबकतरा भागने में सफल हो गया। अशफाक ने बताया कि पर्स में 65 हजार रुपये थे। घायल अशफाक को बरेली के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर उसके भाई इकरार और इश्तियाक बरेली रवाना हो गए।