बीसलपुर। फोन पर अनजान युवक की धमकी मिलने की बात कहकर रिश्ता तोड़ने वालों के खिलाफ अब लड़की की मां ने कोतवाली में तहरीर दी है। इसमें 15 लाख नकद की मांग पूरी न करने पर रिश्ता तोड़ने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।
बरेली के थाना क्योलड़िया क्षेत्र के गांव हर्रैया निवासी एक युवती का विवाह बीसलपुर के मोहल्ला दुर्गाप्रसाद निवासी नंदराम के पुत्र संजय से तय हुआ था। विवाह 15 मई को होना है। इसी बीच संजय ने फोन पर अनजान युवक के धमकी देने पर शादी से इंकार कर दिया था। उसने कोतवाली में तहरीर भी दी थी। अब युवती की मां ने रविवार शाम कोतवाली में तहरीर दी है। तहरीर में कहा गया है कि संजय के घरवालों ने सबकुछ तय हो जाने के बाद 15 लाख की नकदी देने की शर्त रख दी। असमर्थता जताने पर इन लोगों ने रिश्ता तोड़ दिया और फोन पर धमकी मिलने की कहानी गढ़ दी। कोतवाल जेपी सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी।