बीसलपुर। अवैध खनन की सूचना पर एसडीएम बीसलपुर वंदना त्रिवेदी ने पुलिस और प्रशासनिक टीम संग महदखास गांव में छापा मार कार्रवाई की। इसमें अवैध खनन करते तीन लोगों की गिरफ्तारी की गई, जबकि उनके तीन साथी भाग निकले। मौके से टीम ने दो जेसीबी मशीन, तीन ट्रैक्टर ट्रॉली भी कब्जे में लीं। लेखपाल की ओर से मिली तहरीर पर मामले की छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पकड़े गए तीन ओ जेल भेज दिया है। एसडीएम की ओर से की गई छापामार कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा।
दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के महदखास गांव में बृहस्पतिवार रात एक खेत से अवैध तरीके से जेसीबी लगाकर खनन करने की सूचना मिली। इस पर एसडीएम बीसलपुर वंदना त्रिवेदी ने रात करीब 12 बजे पुलिस और प्रशासनिक टीम के साथ बताए गए स्थान पर छापा मार दिया। जिसके बाद खनन कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया। छापा पड़ते ही जेसीबी लगाकर खनन कर रहे लोग भागने लगे। इस पर पुलिस ने तीन आरोपियों को मौके से धर दबोचा, जबकि उनके तीन साथी भाग गए। अवैध खनन में लगाई गईं दो जेसीबी मशीन और तीन ट्रैक्टर ट्रॉली भी कब्जे में ली गईं। इसमें से एक में मिट्टी लदी हुई थी। पकड़े गए आरोपी और कब्जे में लिए गए वाहनों को कोतवाली लाया गया और पूछताछ की गई। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गैरतपुर जब्ती गांव निवासी गुड्डू, चांदपुर (बिजनौर) के रायपुर गांव निवासी लोकेश कुमार और दातागंज (बदायूं) के गांव खुरौरा निवासी दिनेश कुमार बताया। इसके अलावा फरार तीन साथियों में से वह सिर्फ एक का नाम खुरौरा गांव निवासी जमाउल्ला खां बता सके। रात में ही एसडीएम के निर्देश पर हल्का लेखपाल रूपेश गुप्ता ने मामले की तहरीर दियोरियाकलां कोतवाली में दी। जिसके आधार पर पुलिस ने चार नामजद समेत छह आरोपियों के खिलाफ अवैध खनन को लेकर रिपोर्ट दर्ज की। दूसरे दिन शुक्रवार को आरोपी गुड्डू, लोकेश और दिनेश को जेल भेज दिया गया।
अवैध खनन की सूचना पर महदखास गांव में छापा मारा गया था। इसमें अवैघ खनन करते तीन लोगों को पकड़ा है। जेसीबी और ट्रैक्टर ट्रॉली भी कब्जे में ली गई हैं। लेखपाल की ओर से रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। अवैध खनन पर लगातार सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। - वंदना त्रिवेदी, एसडीएम बीसलपुर