बरखेड़ा (पीलीभीत)। संदिग्ध हालात में फर्नीचर व्यापारी के बेटे की मौत हो गई। उसका शव अपने ताऊ के खेत में नीम के पेड़ पर रस्सी से बने फंदे पर लटका मिला। पिता ने नशे का आदी बताते हुए आत्महत्या करने की बात कही और कार्रवाई से भी इंकार कर दिया। बरखेड़ा पुलिस ने सूचना पर शव कब्जे में लिया है। उसका आज रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के डंडिया भगत गांव निवासी बृज बिहारी की बीसलपुर के जोगीठेर गांव में फर्नीचर की दुकान है। शनिवार सुबह रोज की तरह वह घर से दुकान चले गए। शाम करीब चार बजे उनके बेटे 20 वर्षीय कौशल किशोर का शव मकान से एक किलोमीटर दूर अपने ताऊ खेमकरन के खेत पर नीम के पेड़ से रस्सी के बने फंदे पर लटका मिला। ग्रामीणों से मिली सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। इंस्पेक्टर राजकुमार भारद्वाज ने बताया कि मृतक के पिता ने सूचनात्मक तहरीर दी है। इसमें बेटे कौशल किशोर के अधिक नशा करने की बात कहते हुए आत्महत्या करना बताया है। वह कार्रवाई भी नहीं कराना चाहते। फिलहाल शव पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया गया है। मृतक छह भाई-बहनों में सबसे छोटा अविवाहित था। वह एक प्राइवेट फैक्ट्री में काम करता था।