कोतवाली पुलिस ने लिखी रिपोर्ट, एसपी ने गिरफ्तारी के दिए निर्देश
बीसलपुर (पीलीभीत)। छात्रा को अगवा कर परिवारीजनों से फिरौती वसूलने के मामले में एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी फुरकान के खिलाफ संगीन धाराओं में नामजद रिपोर्ट दर्ज ली। इधर, आरोपी साथियों के साथ छात्रा के घर जा धमका और जान से मारने की धमकी दे डाली। किसी तरह परिवारीजनों ने खुद को मकान में बंद रख बचाया। मामला संज्ञान में आने पर एसपी ने कोतवाल बीसलपुर एसके उपाध्याय को आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने शुक्रवार को एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी पुत्री बीएससी की छात्रा को 20 दिसंबर को कोचिंग जाते वक्त उनके दूर के रिश्तेदार ने अगवा कर लिया। इसके बाद 21 दिसंबर को फिरौती के 2.12 लाख रुपये वसूलने के बाद छोड़ा। 23 दिसंबर को दोबारा आरोपी अपने साथियों संग आया और गर्भवती पत्नी से मारपीट कर दो लाख के जेवर ले गया था। इस मामले में शिकायत कर पीड़ित घर लौट राहत महसूस कर रहे थे कि आरोपी दोबारा हमलावर हो गया। पीड़ित ने बताया कि शुक्रवार देर रात आरोपी अपने कुछ साथियों संग उनके घर आ धमका। दरवाजा खुलवाने की कोशिश करता रहा। आरोप है कि असलहा लहराते हुए धमकी भी दी गई। दरवाजा न खुलने पर आरोपी चला गया। इसकी शिकयत दूसरे दिन पुलिस से की गई है। मामला संज्ञान में आने पर एसपी बालेंदु भूषण सिंह ने कोतवाल को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी कर जेल भेजने के निर्देश दिए हैं। उधर, कोतवाल बीसलपुर एसके उपाध्याय ने बताया कि आरोपी फुरकान और उसके चार अज्ञात साथियों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।