जेसीब की टक्कर से किसान की मौत
पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के जनका गांव के समीप शुक्रवार शाम हुआ हादसा, मचा कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
चायल/कोखराज। पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के जनका गांव के समीप शुक्रवार शाम जेसीबी की टक्कर से एक किसान घायल हो गया। अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
कोखराज इलाके के हिसामपुर परसखी गांव का सुरेश पटेल (35) पुत्र रोशन किसानी करके परिवार का खर्च चलाता था। उसकी ससुराल पूरामुफ्ती क्षेत्र के हरिरामपुर में है। शुक्रवार को वह किसी काम से ससुराल गया था। शाम को लौटते वक्त जनका गांव के समीप सड़क किनारे बाइक खड़ी करके शौच करने लगा। तभी पीछे से आई जेसीबी ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही किसान गिरकर लहूलुहान हो गया। दुर्घटना देख मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आननफानन एम्बुलेंस की मदद से घायल को नजदीकी अस्पताल भेजवाया। इस दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवारीजनों रो-रोकर हालत खराब है। परिवार वालों का कहना है कि जेसीबी मनौरी निवासी भट्ठा मालिक की है। मृतक के पिता ने भट्ठा मालिक के खिलाफ तहरीर दे दी है। मामले में इंस्पेक्ट प्रदीप सिंह का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
----
इश्क में फना हो गई दोआबा की युवती
पिपरी इलाके की थी रहने वाली, मनौरी में रेलवे क्रॉसिंग के समीप कटी
पीड़ित परिवार में मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
चायल। पिपरी कोतवाली क्षेत्र की एक युवती शनिवार सुबह इश्क में फना हो गई। पहले उसने सगाई तोड़ी। इसके बाद प्रेमी शादी से मुकर गया तो मनौरी रेलवे क्रॉसिंग के समीप ट्रेन के सामने कूद गई। युवती की मौत से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है।
पिपरी कोतवाली क्षेत्र की एक युवती का पड़ोसी युवक से प्रेम संबंध चल रहा था। इसकी जानकारी हुई तो परिजनों के होश उड़ गए। परिवार वालों ने युवती की शादी तय कर दी। महीने भर पहले आननफानन सगाई भी करा दी। बताया जाता है कि युवती ने मंगेतर को फोन करके खुद शादी करने से मना कर दिया। इसके बाद वह प्रेमी पर शादी का दबाव बनाने लगी। ग्रामीणों की मानें तो शनिवार सुबह युवती ने फोन पर प्रेमी से बात की। इस दौरान वह विवाह करने से मुकर गया तो फोन पर बातें करते हुए ही मनौरी रेलवे क्रॉसिंग पहुंच गई और ट्रेन के सामने कूद गई। जिससे उसके चीथड़े उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिजन रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। सूचना पाकर पहुंची जीआरपी ने जांच के बाद मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पूरामुफ्ती इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह का कहना है कि फिलहाल किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिली तो रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।