शिक्षामित्र से मारपीट, खंड शिक्षा अधिकारी सहित दो पर रिपोर्ट
क्रासर...
-ज्वाइनिंग रिपोर्ट प्रमाणित करने के लिए रिश्वत लेने का है आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बरखेड़ा। रिश्वत लेने के मामले में की गई शिकायत से नाराज संकुल प्रभारी और खंड शिक्षा अधिकारी पर शिक्षामित्र को जातिसूचक शब्दों से अपमानित कर उसकी लात घूसों से पिटाई करने का आरोप है। एसपी के निर्देश पर शनिवार को एससी एसटी एक्ट की धाराओं में दोनों के खिलाफ बरखेड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
बीसलपुर थाना क्षेत्र के गांव जसोली निवासी जगदीश प्रसाद विकास खंड बरखेड़ा के प्राथमिक विद्यालय भीकमपुर में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षामित्र की पत्नी इंद्रवती का आरोप है कि उनके पति से ज्वाइनिंग रिपोर्ट प्रमाणित कराने के लिए ग्राम भैसाई पर्वतपुर निवासी संकुल प्रभारी दयाराम ने पिछले महीने तीन हजार रुपये रिश्वत ली थी। इस मामले की शिकायत उन्होंने उच्चाधिकारियों से की तो 24 फरवरी को शिक्षामित्र जगदीश प्रसाद की दोनों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। देर रात थाने में घटना की तहरीर दी गई तो पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। शनिवार को एसपी कलानिधि नैथानी के निर्देश पर संकुल प्रभारी दयाराम व खंड शिक्षा अधिकारी मदनलाल वर्मा के खिलाफ में मारपीट व एससी, एसटी एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।