बीसलपुर। पटेल नगर निवासी विमल कुमार ने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर मतदान के दिन आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। उसका कहना है कि पुलिस जानलेवा हमला करने के आरोपियों को जानबूझकर गिरफ्तार नहीं कर रही है।
पत्र में कहा गया है कि 13 अप्रैल को विमल पर मोहल्ले के ही अनिल कुमार और गुड्डू राठौर ने जान लेने की नीयत से फायर किया था। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसी दिन कोतवाली में मामले की नामजद रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को अगले दिन हिरासत में ले लिया, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया। अब वे विमल पर रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। विमल ने चेतावनी दी गई है कि यदि 22 अप्रैल तक नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह 23 अप्रैल को पुलिस महानिदेशक के लखनऊ स्थित कार्यालय के सामने आत्मदाह कर लेगा। इस बाबत सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि इस मामले विवेचना की जा रही है। दोनों नामजद आरोपियों को बुलाकर पूछताछ की गई थी। उन पर अभी आरोप सिद्ध नहीं हो सका है, इसलिए गिरफ्तारी नहीं की गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।