पूरनपुर। धार्मिक स्थल की गद्दी को लेकर दो रिश्तेदार आपस में भिड़ गए। आरोप है कि स्थल पर चल रहे कार्यक्रम में भाग लेने आए जायरीन के साथ मारपीट भी की गई। मामला कोतवाली पहुंचा।
नगर के एक धार्मिक स्थल पर तीन दिन से कार्यक्रम चल रहा है। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए दूर-दराज से कई जायरीन पहुंचे हैं। मेला भी लगा है। कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों की खासी भीड़ रही। मंगलवार रात धार्मिक स्थल की गद्दी को लेकर दो रिश्तेदार आपस में भिड़ गए। एक पक्ष ने धार्मिक स्थल में भाग लेने आए जायरीन से मारपीट करने का आरोप लगाया। हालांकि वार्ता के बाद मामला निपट गया। इंस्पेक्टर केशव कुमार तिवारी ने बताया कि दो भाइयों में गद्दी को लेकर विवाद था। दोनों पक्षों में समझौता हो गया। मारपीट की अन्य एक घटना में नाली की ईंट उखाड़कर फेंकने के विरोध पर गांव गुलड़हा निवासी विजयपाल से गाली-गलौज कर उसकी पिटाई कर दी गई। पुलिस ने विजयपाल की ओर से गांव निवासी लालाराम, वेदप्रकाश, प्रदीप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।