पीलीभीत। सब्जी खरीदकर घर जा रही युवती को रास्ते में रोक एक शोहदे ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर युवती को धमकाया गया। राहगीरों के जमा होने पर आरोपी धमकी देकर भाग गया। सुनगढ़ी पुलिस ने मां से मिली तहरीर पर आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस को दी तहरीर में सुनगढ़ी क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है। मंगलवार को उसकी बेटी सब्जी लेने बाजार गई थी। खरीदारी कर पैदल घर आ रही थी। बरहा रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचते ही मोहल्ला देशनगर निवासी घनश्याम ने युवती को रोक लिया। फब्तियां कसते हुए युवती से छेड़छाड़ की गई। इसका विरोध करने पर आरोपी ने धमकी देना शुरू कर दिया। शोर करने पर राहगीर जमा होने लगे तो आरोपी भाग गया। घर जाकर युवती ने घटना परिजनों को बताई। जिसके बाद मां ने देर शाम तहरीर पुलिस को दी। इंस्पेक्टर नरेंद्र यादव ने बताया कि आरोपी घनश्याम के खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज की गई है।