छह पशु तस्करों पर की गई रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) की कार्रवाई को लेकर डीएम-एसपी एडवाइजरी बोर्ड में तलब किए गए हैं। दोनों अधिकारी अपना पक्ष रखने के लिए सोमवार को लखनऊ गए हैं। इसी की सुनवाई के बाद आगामी निर्णय लिया जाएगा।
अगस्त और सितंबर माह में बरखेड़ा क्षेत्र में गोकशी की वारदातों में इजाफा हुआ था। इसको लेकर ग्रामीणों व हिंयुवा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन भी किए। आए दिन खेतों में गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिलने से खासा आक्रोश भी स्थानीय लोगों में देखा गया था। घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बन गई थीं। जिसके बाद एसपी बालेंदु भूषण सिंह, एएसपी रोहित मिश्र ने खुद बरखेड़ा पहुंच कमान संभाली, जिसके बाद आरोपी हत्थे चढ़े थे। मिलीभगत पाए जाने पर तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की गई थी। इस मामले में बरखेड़ा थाना क्षेत्र से जेल भेजे गए आरोपी रहीश अहमद, शमसुल, गुलाम नवी, विशाल अहमद, शकील, मोहम्मद अली के खिलाफ शिकंजा कसते हुए पुलिस ने रासुका के तहत कार्रवाई की थी। इसी मामले में जिलाधिकारी डा. अखिलेश कुमार मिश्र, एसपी बालेंदु भूषण सिंह को हाईकोर्ट के एडवाइजरी बोर्ड में तलब किया गया है। इसमें अपना पक्ष रखने के लिए सोमवार को लखनऊ गए हैं। एसपी ने बताया कि उनके अलावा डीएम को भी बुलाया गया है। इसमें वह आरोपियों पर सख्त कार्रवाई कराने का हरसंभव प्रयास करेंगे।