युवक की हत्या कर सड़क किनारे फेंका
गुरुग्राम। खेड़की दौला थाना क्षेत्र में सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस उपायुक्त मानेसर राजेश ने बताया कि प्रारंभिक जांच के मुताबिक युवक की हत्या कहीं और की गई और उसका शव खुर्द बुर्द करने की नीयत से सड़क किनारे फेंक दिया गया है। पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि टोल प्लाजा के पास से डीएलएफ जाने वाली सड़क के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। शरीर पर चोट के कई निशान हैं। आसपास रहने वाले लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि शव के शरीर विशेष कर सिर पर चोट के कई निशान हैं। माना जा रहा है कि पीट-पीटकर उसकी हत्या की गई है। मौके से कोई ऐसे साक्ष्य मिले हैं जिससे यह स्पष्ट हो सके कि मृतक कौन है और हत्या कहां हुई है।