खेकड़ा (बागपत)।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने खेकड़ा नगर में अवैध रूप से चल रहे एक गैस गोदाम पर छापामारी कर सौ से अधिक बडे़ इंडेन गैस सिलेंडर बरामद किए। इस दौरान पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
जिला आपूर्ति अधिकारी चमन लाल शर्मा मंगलवार को पुलिस बल के साथ खेकड़ा नगर में जैन कॉलेज मार्ग पर पहुंचे। वहां उन्होंने आबादी के बीच एक मकान में अवैध रूप से चल रहे गैस गोदाम में छापेमारी की। इस दौरान गैस गोदाम से उन्होंने सौ से अधिक इंडेन के भरे और आधे भरे बडे़ गैस सिलेंडर बरामद किए। गोदाम से बरामद सिलेंडरों को उन्होंने कब्जे में ले लिया। साथ ही गोदाम से पुलिस ने तीन लोगों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
जिला आपूर्ति अधिकारी चमन लाल शर्मा का कहना है कि मामला अत्यंत गंभीर है। आबादी के बीच इतना बड़ा गैस गोदाम चलाना नियम के खिलाफ है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि आबादी के बीच इतना बड़ा गैस गोदाम चलाना लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करना है। यदि कोई हादसा घटित हो जाए जो आसपास के मकानों में रहने वाले लोग भी इस गैस गोदाम की चपेट में आ जाते और नगर आग का गोला बन जाता। छापेमारी के दौरान अवैध रूप से चलाए जा रहे गैस गोदाम में अग्निशमन यंत्र भी नहीं मिले। अवैध रूप से चलाये जा रहे गैस गोदाम के आस पास कुछ विद्यालय भी है। इनमें हजार बच्चे पढ़ते हैं।